ऑपरेशन नारकोस: प्रयागराज मंडल में 1.89 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, 25 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन नारकोस: प्रयागराज मंडल में 1.89 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, 25 आरोपी गिरफ्तार

जनवरी से सितंबर 2026 तक 21 मामलों में कार्रवाई, कानपुर में सबसे अधिक 12 मामले दर्ज

प्रयागराज। ट्रेनों और रेलवे परिसरों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में रेलवे सुरक्षा बल लगातार कार्रवाई कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान ?ऑपरेशन नारकोस? के तहत जनवरी से सितंबर 2026 तक 21 मामलों का खुलासा कर 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान जब्त किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 1,89,46,665 रुपये बताई गई है।

रेलवे सुरक्षा बल की कार्रवाई में गांजा और अल्प्राजोलम तथा डायजापॉम जैसे नशीले पदार्थ शामिल हैं। दर्ज 21 मामलों में कानपुर में 12, प्रयागराज में 3, अलीगढ़ में 3, टूंडला में 2 और मिर्जापुर में 1 मामला सामने आया।

20 मामलों में गांजा बरामद

रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, कुल 21 मामलों में से 20 मामलों में 1,88,50,550 रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया। वहीं, प्रयागराज छिवकी में 470 नग कोडीन युक्त कफ सिरप भी जब्त किया गया। इन कार्रवाइयों का उद्देश्य रेल मार्ग से नशीले पदार्थों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाना है।

सितंबर में 4 आरोपी गिरफ्तार

सितंबर 2026 के दौरान भी रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नारकोस के तहत सतर्कता बरतते हुए 3 मामलों में कार्रवाई की और 4 लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 9,95,950 रुपये कीमत का गांजा जब्त किया गया।

तस्करी रोकने के लिए निगरानी जारी

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाकर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है।

प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता और समन्वित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।