उत्तर मध्य रेलवे में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के तहत 125 शिविर आयोजित, 3,583 पेंशनरों को मिली सुविधा

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा पेंशनरों की सुविधा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 1 से 16 नवंबर 2026 तक विभिन्न मंडलों और इकाइयों में 125 विशेष शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इनमें 3,823 पेंशनरों ने भाग लिया और 3,583 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किए गए।

रेलवे प्रशासन के अनुसार नवंबर 2026 तक कुल 186 शिविर आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनरों को आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा दी जा रही है। इससे उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए व्यक्तिगत रूप से बैंक या कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और पेंशन भुगतान की प्रक्रिया भी आसान होती है।

अभियान के तहत प्रयागराज, मिर्जापुर, फतेहपुर, कानपुर, झांसी, आगरा और धौलपुर सहित विभिन्न रेलवे कार्यालयों एवं स्टेशनों पर शिविर लगाए गए। इसके अलावा मुख्यालय और रेलवे की अन्य इकाइयों में भी पेंशनरों को सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

पेंशनरों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए अभियान के दौरान 26 स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए गए। विभिन्न शिविरों में बैंक नोडल अधिकारियों की सहभागिता से पेंशनरों को बैंकिंग और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान में सहायता प्रदान की गई।

उत्तर मध्य रेलवे ने वरिष्ठ और अशक्त पेंशनरों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए घर-घर जाकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था भी की है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि पेंशनरों को सम्मानजनक, सरल और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।