उत्तर मध्य रेलवे ऑफिसर्स स्पोर्ट्स एवं कल्चरल मीट 2026 शुरू

उत्तर मध्य रेलवे ऑफिसर्स स्पोर्ट्स एवं कल्चरल मीट 2026 का भव्य शुभारंभ, खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अधिकारी दिखाएंगे प्रतिभा

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन की ओर से अधिकारियों के बीच खेल भावना, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय उत्तर मध्य रेलवे ऑफिसर्स स्पोर्ट्स एवं कल्चरल मीट 2026 का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। रेलगांव स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड, सूबेदारगंज में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष हिमा चौहान सिंह ने किया।

उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रयागराज, झांसी, आगरा मंडलों और मुख्यालय की टीमों को खेल नियमों का पालन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी टीमों के मार्च पास्ट का अवलोकन किया और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन अधिकारियों को आपस में मिलने-जुलने और एक-दूसरे के साथ बेहतर तालमेल बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। यह आयोजन केवल खेल और संस्कृति का मंच नहीं, बल्कि उत्तर मध्य रेलवे परिवार के अधिकारियों के बीच एकता, सहयोग और सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम भी है।

27 और 28 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, कैरम, शतरंज सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। एथलेटिक्स के अंतर्गत 3 किलोमीटर मिनी मैराथन, 100 मीटर दौड़ और रिले रेस भी होंगी। इसके अलावा बॉक्स क्रिकेट, बोरी दौड़ और चम्मच दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उद्घाटन समारोह में रेलवे सुरक्षा बल के प्रशिक्षित श्वानों का डॉग शो भी आयोजित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत वाद्य संगीत, गायन, नृत्य, अभिनय, पेंटिंग, रंगोली और मिमिक्री जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इस आयोजन के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारी खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ आपसी सौहार्द और टीम भावना को भी मजबूत करेंगे।