उच्च प्राथमिक विद्यालय परसिया आलम में हुआ स्कूल सुरक्षा ऑडिट विशेषज्ञ टीम ने व्यवस्थाओं की सराहना की।

पयागपुर, बहराइच।उच्च प्राथमिक विद्यालय परसिया आलम में स्कूल सुरक्षा ऑडिट के तहत तीन सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने विद्यालय का निरीक्षण किया। टीम में सिविल इंजीनियर आकाश गौड़, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर अवनीश श्रीवास्तव एवं आपदा विशेषज्ञ शिवानी अवस्थी शामिल रहीं।निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यालय का संरचनात्मक सुरक्षा ऑडिट, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा ऑडिट तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। टीम ने विद्यालय भवन की स्थिति, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों और आपदा से बचाव के लिए उपलब्ध संसाधनों का निरीक्षण किया।ऑडिट के उपरांत तीनों विशेषज्ञों ने विद्यालय में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा के प्रति किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री नवल कुमार पाठक ने विशेषज्ञ टीम का आभार व्यक्त किया।विद्यालय सुरक्षा ऑडिट का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए विद्यालय की तैयारियों को मजबूत बनाना है। इसके साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।