आतिशबाजी की दुकानों पर अग्निशमन विभाग की सख्ती, सुरक्षा उपकरणों की जांच कर दुकानदारों को दिया प्रशिक्षण

मुरादाबाद। दीपावली के त्योहार को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने शहर में बनाए गए आतिशबाजी विक्रय स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच अभियान चलाया। इस दौरान आतिशबाजी की दुकानों को चेक किया गया और दुकानों पर उपलब्ध अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने टीम के साथ आतिशबाजी विक्रय स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को अग्निशमन उपकरण चलाने का प्रशिक्षण भी दिया, ताकि आग लगने जैसी आपात स्थिति में तत्काल बचाव के उपाय किए जा सकें।

इसके साथ ही दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित निर्देशों के पंपलेट वितरित किए गए। इनमें आग से बचाव और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। विभाग की ओर से शहर के आतिशबाजी विक्रय स्थलों पर अग्निशमन वाहन के साथ अग्निशमन अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है।

अग्निशमन विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने दुकानदारों से सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।