अहमदाबाद मंडल ने बनाया नया रिकॉर्ड, अक्टूबर में ₹830 करोड़ का राजस्व अर्जित

अहमदाबाद मंडल ने बनाया नया रिकॉर्ड, अक्टूबर में ₹830 करोड़ का राजस्व अर्जित

माल भाड़ा, यात्री और पार्सल आय में शानदार बढ़ोतरी, रेल मदद फीडबैक में देशभर में पहला स्थान

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने अक्टूबर 2026 में वाणिज्यिक और यात्री सेवाओं के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल ₹830 करोड़ का राजस्व अर्जित किया। मंडल ने माल भाड़ा, यात्री आय, पार्सल, टिकट जांच और गैर-किराया आय समेत कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पित प्रयासों की सराहना की।

मंडल की सबसे बड़ी उपलब्धि माल भाड़ा आय रही, जहां ₹655 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7 प्रतिशत अधिक है। वहीं यात्री आय बढ़कर ₹164.75 करोड़ पहुंच गई, जबकि पार्सल आय में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹7 करोड़ का राजस्व मिला। टिकट जांच अभियानों से भी ₹3.25 करोड़ की आय हुई।

अक्टूबर के दौरान मंडल ने कई नए कमोडिटी और नए गंतव्यों को रेल परिवहन से जोड़कर राजस्व बढ़ाया। कच्छ कॉपर लिमिटेड से कॉपर स्लैग, मुंद्रा पोर्ट से आयातित उर्वरक, गांधीधाम से मेट कोक, जीरा, स्टील पाइप, इंडस्ट्रियल साल्ट, बांस पल्प और सीमेंट के परिवहन से करोड़ों रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिला। करीब साढ़े तीन साल बाद मेट कोक का ट्रैफिक दोबारा रेलवे से जुड़ना भी अहम उपलब्धि रही।

नए ग्राहकों को रेल परिवहन से जोड़ने की दिशा में भी मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की। जीआरएफवी टर्मिनल से पहली बार सिमप्लॉट इंडिया की फ्रोजन सब्जियों से भरे 20 रेफ्रिजरेटेड कंटेनरों की रेक रवाना की गई, जिससे सड़क से रेल परिवहन की ओर माल स्थानांतरण को बढ़ावा मिला।

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए 46 विशेष ट्रेन फेरे चलाए गए, जिनसे करीब 58 हजार यात्रियों को लाभ मिला और ₹5.28 करोड़ का अतिरिक्त यात्री राजस्व प्राप्त हुआ। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस और बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन का शुभारंभ किया।

बिना टिकट यात्रा रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियानों में 4,166 अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया और ₹38.62 लाख का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा एंटी-लिटरिंग और एंटी-स्मोकिंग मामलों में भी कार्रवाई की गई।

गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के लिए पार्सल स्पेस की लीज, डिजिटल स्टोरेज लॉकर, स्टेशन परिसरों में विज्ञापन और अन्य व्यावसायिक अनुबंध किए गए। खाखरेची गति शक्ति कार्गो टर्मिनल के विकास, भुज स्टेशन पर पे एंड पार्क सुविधा और पांच प्रमुख स्टेशनों पर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट स्टॉल आवंटित कर यात्री सुविधाओं और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा दिया गया।

डिजिटल टिकटिंग में भी अहमदाबाद मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया। अक्टूबर में पीआरएस टिकटों में 20.26 प्रतिशत और यूटीएस टिकटों में 37.34 प्रतिशत डिजिटल लेनदेन दर्ज हुआ। सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि रेल मदद के तहत यात्रियों से मिले उत्कृष्ट फीडबैक के आधार पर अहमदाबाद मंडल ने पूरे भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान हासिल किया।