अजमेर में आरपीएफ की राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का भव्य स्वागत, नशामुक्त भारत का दिया संदेश

अजमेर। राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अजमेर की आनासागर झील से आरपीएफ की राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को उदयपुर के लिए रवाना किया गया। रैली को सुबह 9:25 बजे अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन, आरपीएफ अजमेर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेंद्र सिंह और सहायक सुरक्षा आयुक्त रामेश्वर लाल मीणा सहित आरपीएफ के करीब 40 जवान मौजूद रहे। सभी ने मोटरसाइकिल राइडरों का स्वागत किया और तालियों व नारों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।

रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आरपीएफ की इस पहल का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करना है।