अजमेर मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली ईमानदारी की शपथ

अजमेर मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली ईमानदारी की शपथ

1 नवंबर तक चलेगा अभियान, ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? थीम के तहत पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति पर रहेगा जोर

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह?2026 का शुभारंभ किया गया। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सप्ताह की थीम ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? रखी गई है। अभियान का उद्देश्य रेलवे की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को मजबूत करना है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। सभी ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी अपनाने, कानून के नियमों का पालन करने तथा अपने कार्यों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और रेल कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

शपथ ग्रहण के बाद मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने सतर्कता जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं हस्ताक्षर कर अभियान में भाग लिया। अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी हस्ताक्षर कर पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

रेलवे प्रशासन की ओर से बताया गया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान 1 नवंबर तक मंडल में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से कर्मचारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और जवाबदेही के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के जरिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यों में नैतिक मूल्यों का पालन करने और जनहित को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।