श्रीकरणपुर में ड्रोन मिलने से हड़कंप, निकला सेना-पुलिस का संयुक्त मॉकड्रिल अभ्यास, अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर से 6-7 KM अंदर कच्ची थेड़ी में मिला था बैटरी-कैमरे वाला ड्रोन, 100 मीटर तक BSF-पुलिस ने घेरा

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर शहर की घनी आबादी वार्ड नंबर 10-11 के नजदीक खेत में संदिग्ध ड्रोन मिलने से आज दोपहर करीब 12:30 बजे हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और 100 मीटर के दायरे में हथियारबंद पुलिस व बीएसएफ के जवान तैनात कर दिए गए। ड्रोन पर बैटरी और कैमरा लगा हुआ मिला, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सर्च अभियान चला दिया।

बाद में सेना एवं पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए प्रेस नोट के जरिये संयुक्त बयान जारी किया। अधिकारियों ने बताया कि यह कोई वास्तविक खतरा नहीं, बल्कि नागरिकों की सतर्कता जांचने के लिए की गई मॉकड्रिल थी।

सेना-पुलिस का संयुक्त बयान....

भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर पर बसे श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में नागरिक-सैन्य समन्वय को सुदृढ़ करने तथा ड्रोन से संबंधित उभरती सुरक्षा चुनौतियों के प्रति आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से सेना एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से ड्रोन पहचान एवं रिकवरी अभ्यास का सफल आयोजन किया गया।

इस अभ्यास का उद्देश्य नागरिकों को ड्रोन की पहचान करने, संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के प्रति जागरूक करना था।

अभ्यास के दौरान सेना की ड्रोन डिटैचमेंट द्वारा एक ड्रोन उड़ाया गया, ताकि स्थानीय नागरिकों की सतर्कता एवं प्रतिक्रिया का आकलन किया जा सके। जागरूक नागरिकों ने तत्परता का परिचय देते हुए ड्रोन की सफलतापूर्वक पहचान की तथा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस कर्मियों ने भी अत्यंत सक्रियता एवं तत्परता दिखाते हुए प्राप्त सूचना पर प्रभावी प्रतिक्रिया दी।

इस सफल अभ्यास ने सेना एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, समय पर सूचना साझा करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर सतर्कता एवं सक्रिय सहभागिता का परिचय देने वाले नागरिक पार्षद मोहन लाल कल्याणा सहित अन्य प्रतिनिधियों तथा सराहनीय तत्परता प्रदर्शित करने वाले पुलिस प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया।

अधिकारियों ने कहा, यह पहल इस संदेश को सुदृढ़ करती है कि सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक जागरूक नागरिक देश की सुरक्षा व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।