Chandauli New:फरियादी की पीड़ा सुन डीएम शैलेश कुमार ने पेश की मानवता की मिसाल, व्हीलचेयर मंगवाकर अपने कक्ष में बुलाया दिव्यांग फरियादी को सम्मान के साथ सामने बैठाकर सुनी समस्या,

सीडीओ और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान का निर्देश

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय 

चंदौली। प्रशासनिक पद की असली गरिमा केवल सरकारी बैठकों, आदेशों और योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं होती, बल्कि आम आदमी की पीड़ा को समझने और उसे सम्मान के साथ न्याय दिलाने में भी दिखाई देती है। चंदौली के नवागत जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने बुधवार को अपने संवेदनशील व्यवहार और मानवीय पहल से इसी सोच की एक ऐसी तस्वीर पेश की, जिसने प्रशासनिक कार्यशैली के साथ मानवीय मूल्यों की भी मिसाल कायम की। एक दिव्यांग फरियादी अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा था। जिलाधिकारी को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल व्हीलचेयर मंगवाकर फरियादी को अपने कक्ष में बुलाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर उनके अर्दली स्वयं व्हीलचेयर लेकर पहुंचे और दिव्यांग फरियादी को सम्मानपूर्वक जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचाया। खास बात यह रही कि जिलाधिकारी ने फरियादी को केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं सुना, बल्कि पूरी आत्मीयता के साथ उसकी बात जानी और समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं को निर्देशित किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित समाधान सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को भी फरियादी से संपर्क स्थापित कर उसकी समस्या का निस्तारण कराने की जिम्मेदारी सौंपी।

जिलाधिकारी की संवेदनशीलता केवल एक फरियादी की समस्या सुनने तक सीमित नहीं रही। उन्होंने दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर भी अपनी प्राथमिकता स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। उनमें अपार क्षमताएं और प्रतिभाएं हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांगजनों को कौशल विकास प्रशिक्षण से जोड़कर मुख्यधारा में शामिल किया जाए तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल हो।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने दिव्यांग मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो दिव्यांगजन अभी तक मतदाता नहीं बन पाए हैं, उन्हें जागरूक कर मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग किया जाए, जिससे लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

कलेक्ट्रेट परिसर में हुई यह छोटी-सी पहल प्रशासनिक संवेदनशीलता का बड़ा संदेश दे गई। एक अधिकारी का फरियादी के प्रति ऐसा आत्मीय व्यवहार बताता है कि शासन-प्रशासन की वास्तविक पहचान जनता के प्रति उसके व्यवहार से होती है। जिलाधिकारी शैलेश कुमार की यह पहल निश्चित रूप से उन दिव्यांगजनों के लिए सम्मान और भरोसे का संदेश है, जो अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालयों तक पहुंचते हैं।