बरेली में महिला का अपहरण कर गोली मारी, शहर कप्तान मानुष पारीक ने दिए जांच के आदेश

बरेली। शनिवार को शहर में एक सनसनीखेज वारदात हुई, जहां कार सवार बदमाशों ने एक महिला का अपहरण कर उसे गोली मार दी और फिर चलती गाड़ी से फेंककर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। 300 बेड हॉस्पिटल के पास से हुआ अपहरण वीर सावरकर नगर निवासी 45 वर्षीय तलाकशुदा महिला सोनू किसी काम से खुर्रम गोटिया स्थित 300 बेड हॉस्पिटल के पास गई थी। तभी काले रंग की कार में आए कुछ लोगों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। गोली मारने के बाद आरोपियों ने उसे गांधी उद्यान के पास फेंक दिया। राहगीरों ने घायल महिला को सड़क किनारे देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शहर कप्तान मानुष पारीक ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल घटना की जानकारी मिलते ही शहर कप्तान मानुष पारीक और सीओ सिटी पंकज श्रीवास्तव जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने महिला के बयान दर्ज करने की कोशिश की, लेकिन वह ज्यादा कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थी। शहर कप्तान मानुष पारीक ने बताया कि महिला की हालत खतरे से बाहर है और पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। उन्होंने जांच टीम को सख्त निर्देश दिए हैं कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।