एआरटीओ ने चलाया सघन चेकिंग अभियान,ओवरलोड वाहन किये सीज

एटा। जिले में ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए आज एआरटीओ सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में जीटी रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान एआरटीओ ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा के लिए अंडरलोड माल ढोने की हिदायत दी। साथ ही उन्होंने नशा करके तेज रफ्तार वाहन न चलाने की भी अपील की।

ओवरलोड वाहनों पर कसा शिकंजा
एआरटीओ सत्येंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान 13 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया, जबकि 4 वाहनों के चालान काटे गए हैं। इसके अलावा, यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 3 लाख 56 हजार रुपए का शमन शुल्क वसूला गया है। चेकिंग अभियान से ओवरलोड वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक रास्ता बदलकर भागते नजर आए।

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान
एआरटीओ ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कें जल्दी खराब हो जाती हैं और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने वाहन चालकों से अनुरोध किया कि वे सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाएं ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।

चेकिंग अभियान जारी रहेगा
एआरटीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि ऐसे सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई वाहन चालक ओवरलोडिंग करता हुआ पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: रमेश जादौन, एटा।