बकरी चरा रही महिला कोटेदार व स्कूल से लौट रहे बालक को तेंदुए ने किया घायल

पत्रकार - उवेश रहमान : कतर्नियाघाट में तेंदुए के हमले में एक महिला कोटेदार बुरी तरह घायल हुई हैं। गांव में नहर किनारे बकरी चरा रही कोटेदार पर तेंदुए ने हमला कर दिया। वहीं स्कूल से लौट रहे एक बालक को तेंदुए ने घायल किया है। लोगों के हाका लगाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया है।

बहराइच के तहसील मिहीपुरवा अंतर्गत थाना सुजौली क्षेत्र में ग्रामसभा चहलवा के कुरकुरी कुआं गांव में गांव की महिला कोटेदार पुष्पा 35 पत्नी कन्हैया पर तेंदुए ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है। आज दोपहर 12 बजे गांव में ही सरयू नहर के किनारे खाली पड़े घांस के मैदान में महिला कोटेदार अपने बकरियों को चरा रही थी तभी जंगल की तरफ से आए तेंदुए ने उनपर हमला कर दिया। दिनदहाड़े तेंदुए को गांव में घुसकर महिला पर हमला करता देख लोग हाका लगाते हुए दौड़ पड़े तबतक तेंदुआ महिला को घायल करके जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला के मुंह, सिर और कमर पर भारी जख्म आए हैं। जानकारी के मुताबिक कोटेदार महिला की आंख को तेंदुए ने नोच लिया है। वहीं उसी समय गांव का ही एक 12 वर्षीय बालक जगजीवन पुत्र राजपाल पड़ोस के गांव जंगूताड़ा से पढ़कर लौट रहा था कि तेंदुए ने उसपर हमला कर दिया। राहगीरों ने तेंदुए से बालक को छुड़ाया। तेंदुए के हमले में बालक की पीठपर ज़ख्म हुआ है। बालक कक्षा 4 का छात्र है। आबादी दिनदहाड़े हुए तेंदुए के इस हमले से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांव व आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी है। वहीं घायल कोटेदार को इलाज के लिए पीएचसी से ले जाया जा रहा है।