चूका से लौट रहे सैलानियों की कार पलटी, तीन घायल, दो युवकों की मौत।

पीलीभीत माधोटांडा रोड पर रविवार शाम को चूका बीच से लौट रहे सैलानियों की कार गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के ओवरटेक करने के दौरान बचने की कोशिश में कच्चे मकान से टकराकर पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी बरेली के रहने वाले हैं। नए साल पर सभी दोस्त चूका घूमने आए थे।

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी निवासी नीतेश (30) पुत्र महेश गंगवार, प्रज्ज्वल (30) पुत्र पवन यादव, सुबोध (27) पुत्र सुनील गुप्ता, राजवीर सिंह (32) पुत्र चमन सिंह, सारांश (28) पुत्र राजेंद्र गंगवार नए साल पर स्विफ्ट कार से चूका घूमने आए थे। सभी दोस्त शाम को करीब साढ़े सात बजे चूका से बरेली लौट रहे थे। घायल सारांश ने बताया कि माधोटांडा रोड पर देवीपुुरा गांव के पास गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एकाएक उनकी कार को तेज गति से ओवरटेक किया। ट्रैक्टर-ट्रॉली से बचने के लिए उन्होंने कार को साइड में किया। कोहरे की वजह से रास्ता न दिखने के कारण कार सड़क किनारे एक कच्चे मकान से टकराकर पलट गई। कार की टक्कर से मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई और भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों दोस्तों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। यहां प्रज्ज्वल व नीतेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि सुबोध और राजवीर की हालत नाजुक बताई जा रही है। सारांश की हालत खतरे से बाहर है। वह जिला अस्पताल में भर्ती है। जबकि गंभीर दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।