किसान सम्मान दिवस पर 03 किसान हुए सम्मानित

गोंडा।पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर शुक्रवार को इटियाथोक ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया गया। शुभारंभ खंड विकास अधिकारी इंद्रावती वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित एवं चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान भगवान तुल्य हैं, जिनके कठिन परिश्रम से आम लोगों को भोजन मिलता है। प्रदेश सरकार किसानों के हित में फसल ऋण माफी, किसान सम्मान निधि एवं समय से कृषि निवेशों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कृषकों की आमदनी में वृद्धि हेतु सतत् प्रयासरत है। सरकार फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढाकर कृषकों को उनकी ऊपज का उचित मूल्य प्रदान कर रही है। राजकीय बीज गोदाम प्रभारी मजहर हुसैन ने कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा कृषकों को आवश्यक निवेशों की उपलब्धता समय से सुनिश्चित करायी जाएगी।सहायक विकास अधिकारी कृषि जगदीश प्रसाद ने तिलहनी, दलहनी एवं अन्य रबी फसलों की उन्नति खेती की तकनीकी बताई।

उन्होंने कृषि विभाग से संचालित योजनाओ के बारे में किसानों को जानकारी दी। इस अवसर पर क्षेत्र के तीन किसानों को सम्मानित किया गया।इसमें ग्राम पूरे बसालत की महिला किसान शांति देवी को सरसों उत्पादन, पांडे पुरवा निवासी पीर गुलाम को मत्स्य पालन व ग्राम पंचायत कठौवा निवासी नगीना सिंह को केले के अच्छे उत्पादन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। प्रधान प्रतिनिधि जावेद खान, सिरताज अहमद सहित क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।