खेत की रखवाली कर रहे बुजुर्ग की गला दबाकर हत्या

गोंडा।खेत की रखवाली कर रहे बुजुर्ग की सोते समय अज्ञात लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी।अंदेशा जताया जा रहा है,कि हत्या से पहले कातिल ने बुजुर्ग को मारपीट कर चोट भी पहुंचाई है।मृतक के गला, कान व नाजुक अंगों पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामला खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भोला जोत के मजरा भयकपुरवा का है।खबर है, गांव निवासी राम बुझारत गोस्वामी (60) की शुक्रवार की रात में सोते समय हत्या कर दी गई। इस घटना की जानकारी परिजनों को दूसरे दिन सुबह हुई। मृतक के पुत्र विनोद कुमार गोस्वामी ने बताया कि दोनों भाई लुधियाना में रहते हैं। उनके पिता और माता दुखना घर पर रहते हैं। गांव में दो घर बना है। एक पुराना घर है। पुराने घर के पास खेत है। उसकी रखवाली के लिए पिता राम बुझारत अकेले पुराने घर पर रहते थे।शुक्रवार रात चारपाई पर सो रहे थे। कुछ अज्ञात लोगों ने उसके पिता की हत्या कर दी। विनोद ने बताया कि उसकी मां दुखना ने फोन पर पिता के हत्या की सूचना दी। तब वह लुधियाना से गोंडा पहुंचा। शव को देखा तो शरीर पर चोट के कई निशान मिले। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।