60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए यूपी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा, 28 अगस्त से सुविधा शुरू

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। ?लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा योजना? के तहत अब 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा 28 अगस्त 2026 से लागू होगी।

मुरादाबाद क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पात्र महिला यात्रियों को रोडवेज की साधारण बसों में बिना किराया दिए यात्रा करने की सुविधा प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए महिला यात्री की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा वह उत्तर प्रदेश की निवासी हो। यात्रा के दौरान महिला यात्री को आधार कार्ड अथवा अन्य मान्य पहचान-पत्र प्रस्तुत करना होगा।

निःशुल्क यात्रा के लिए परिचालक द्वारा ईटीआईएम मशीन से शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा। टिकट पर बस संख्या के साथ यात्रा के प्रारंभिक और गंतव्य स्थान का विवरण दर्ज रहेगा। योजना के तहत होने वाली निःशुल्क यात्राओं के एवज में परिवहन निगम को शासन द्वारा प्रतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने कहा कि योजना से प्रदेश की हजारों वरिष्ठ महिलाओं को अपने परिवारजनों, धार्मिक स्थलों और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी। मुरादाबाद क्षेत्र में भी योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

वरिष्ठ महिलाओं के लिए यह पहल सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक यात्रा की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।