संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा की मौत,खिड़की से बंधा था शव,मुंह मे ठूंसा था कपड़ा,हत्या का मुकदमा दर्ज -

बहराइच - हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा का शव कमरे की खिड़की से बंधा मिला और मुंह में कपड़ा घुसा हुआ था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला गंभीर होने के कारण एसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण पर परिजनों को खुलासा कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। छात्रा की मौत से गांव में हड़कंप व घर में कोहराम मचा हुआ है पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरदी थाना क्षेत्र के एरिया निवासी पीड़ित मां सुशीला देवी ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी कमरे में लेटी हुई थी। सुबह जब दरवाजा नही खुला तो आवाज लगाई। काफी देर तक बेटी को पुकारने के बाद किसी तरह दरवाजे को खोला गया। परिजन जब कमरे में घुसे तो सन्न रह गए। पीड़ित मां ने बताया कि खिड़की में लगी लोहे की जाली कमरे में टूटी पड़ी थी। उसकी बेटी का शव दीवार के सहारे खड़ा मिला। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। एक कपड़े को गर्दन में बांधकर दीवार में निकली एक सरिया में फंसा दिया गया था। उसके चेहरे पर चोट के निशान पाए गए। पीड़ित मां ने बेटी की हत्या की आशंका व्यक्त की है। मां सुशीला देवी ने बताया कि हत्यारे खिड़की में लगी जाली को तोड़कर कमरे में घुसे और उसकी हत्या कर दी। पीड़ित मां ने बताया की उसका पति रामसुचित व उसका छोटा बेटा दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। उनका बड़ा बेटा सूरज लखनऊ में था। बेटी कमरे में और वह घर के बाहर सोई थी।अकेला पाकर हत्यारों ने बेटी की हत्या कर दी।फिलहाल घटना के बारे में लोग दबी जुबान तरह तरह के कयास लगा रहे हैं। एसओ भानू प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित मां सुशीला देवी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना का कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना को लॉकर सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।