उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने दिया सबको धन्यवाद कहा सभी मिलकर कोरोना के खिलाफ जंग जीतेंगे

नावांं।राजस्थान सरकार के उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने कोरोना महामारी के खिलाफ तन मन धन से सहयोग देने वाले समस्त अधिकारी कर्मचारी एवम् नागरिकों का आभार व्यक्त किया है। चौधरी ने कहा कि जहां एक ओर प्रदेश के नागरिक गाइड लाइन की पालना कर सरकार का सहयोग कर रहे हैं वहीं डॉक्टर, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारीगण, पुलिस, पत्रकार बंधु, विभिन्न सामाजिक संगठन एवम् आम नागरिक बढ़ चढ़ कर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। चिकित्सा विभाग के समस्त कार्मिक जैसे डॉक्टर, नर्सेज, लेब टेक्नीशियन, वार्ड बॉय आदि अपनी जान जोखिम में डाल कर रोगियों की दिन रात सेवा कर रहे हैं। समस्त प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी एवम् नगरपालिका के समस्त कार्मिकों ने शहरी क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखी है। गांवों की कमान संभाले पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, अध्यापक वर्ग, बीएलओ, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, कृषि पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत सहायक आदि का काम प्रशंसनीय है। पुलिस के साथी दिनरात व्यवस्था बनाए रखने में सफल हुए हैं। पत्रकार बंधुओं ने लगातार सकारात्मक कार्य किया है। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी प्रशासन एवम् सरकार को समुचित सहयोग मिला है। आम नागरिक भी जन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक है एवम् एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। महेंद्र चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से हम कोरोना जैसी भीषण बीमारी से निजात पाएंगे। चौधरी ने पारस्परिक सामंजस्य से व्यवस्था बनाते हुए गाइड लाइन की अनुपालना हेतु समस्त नागरिकों से भी अपील की है।