अंसुशासनहीनता पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अनूप चौबीसा एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पंकज जैन को किया पदमुक्त

डूँगरपुर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज जैन एवं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अनूप चौबीसा पर अनुशासनहीनता का आरोप लगने के बाद भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशानुसार दोनों पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त कर दिया। भाजपा प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को एक पत्र जारी कर बताया कि स्थानीय निकाय चुनाव 2021 में डूंगरपुर नगर परिषद के चुनाव में डूंगरपुर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभु पंड्या, जिला संगठन प्रभारी डॉ जितेंद्र शास्त्री तथा चुनाव प्रभारी ताराचंद जैन के साथ भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज जैन एवं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अनूप चौबीसा ने अभद्रता और असंसदीय भाषा का प्रयोग तथा विषय को संगठन के मंच पर रखने की जगह मीडिया में बयानबाजी की थी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री द्वारा जारी पत्र में बताया की प्रदेश द्वारा निर्धारित किए भाजपा पार्षद प्रत्याशियों के टिकट में बदलाव किया था, जिनके टिकट जिला स्तर पर बदलाव किये उनको उकसाकर पार्टी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं की छवि प्रभावित हुई है। पत्र में बताया कि दोनों पदाधिकारियों का यह कृत्य संगठन विरोधी एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है जिसको लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के निर्देशानुसार भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज जैन एवं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अनूप चौबीसा को तत्काल प्रभाव से संगठन के समस्त दायित्वों से मुक्त किया जाता है।