1965 के शहीद के सम्मान में रक्तदान को उमड़ा जुनून, महिला समेत 86 युवाओं ने किया रक्तदान

झज्जर। 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहादत देने वाले विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित लांस नायक हवा सिंह लांबा के सम्मान में आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वीरों की देवभूमि कहे जाने वाले गांव धारौली में आयोजित 11वें विशाल रक्तदान शिविर में एक महिला समेत 86 युवाओं ने रक्तदान कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।

मां-मातृभूमि सेवा समिति धारौली की ओर से जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, झज्जर के सहयोग से शहीद हवा सिंह लांबा राजकीय माध्यमिक विद्यालय में शिविर आयोजित किया गया। लांस नायक हवा सिंह लांबा 4 ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट, भारतीय सेना में सेवाएं देते हुए 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए थे। उनके सम्मान में आयोजित शिविर में रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सिविल अस्पताल झज्जर के ब्लड बैंक की टीम ने डॉ. प्रमोद और डॉ. ममता के नेतृत्व में रक्त संग्रह किया। अशोक काउंसलर, मीनाक्षी और प्रीति लैब टेक्नीशियन ने सहयोग किया।

मां-मातृभूमि सेवा समिति के अध्यक्ष युद्धवीर सिंह लांबा ने बताया कि शिविर में नितेश भोरिया, कोसली ने 46वीं बार, भिंडावास निवासी डॉ. सोनू ने 34वीं बार, धारौली निवासी रिंकू लांबा और छप्पार निवासी मास्टर धर्मवीर नाहरवाल ने 24वीं बार तथा रिलायंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन सुखवीर जाखड़ ने 23वीं बार रक्तदान किया।

गिरधरपुर निवासी अश्वनी मल्हान, जो 26 बार रक्तदान कर चुके हैं, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जहाजगढ़ के समाजसेवी प्रमोद जांगड़ा, जो 19वीं बार रक्तदान कर चुके हैं, विशेष अतिथि रहे। साल्हावास के समाजसेवी पवन जाखड़ भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जहांगीरपुर निवासी डॉ. संदीप गुलिया ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। डॉ. गुलिया अब तक 30 बार रक्तदान कर चुके हैं।

शिविर के आयोजन में धर्मेंद्र यादव, प्रवीण यादव, मास्टर रोहित यादव, मास्टर सतीश यादव, सागर यादव, मास्टर संदीप, समाजसेवी दीपक सोलंकी, मास्टर पवन कुमार, मास्टर हरबीर मल्हान, सुखबीर जाखड़, सोनू कुमार और सीनियर एडवोकेट राकेश लांबा सहित अन्य लोगों ने सहयोग दिया।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समाजसेवी मंजीत सिंह की ओर से शिविर में पहुंचने वाले पहले 60 रक्तदाताओं को एक-एक इंडोर प्लांट भी निशुल्क भेंट किया गया।