142 साल का हुआ काठगोदाम रेलवे स्टेशन, स्टेशन महोत्सव में सेवानिवृत्त रेलकर्मी सम्मानित

142 साल का हुआ काठगोदाम रेलवे स्टेशन, स्टेशन महोत्सव में सेवानिवृत्त रेलकर्मी सम्मानित

हेरिटेज फोटो प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटक के जरिए दिखाई गई स्टेशन की गौरवशाली विरासत

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के काठगोदाम रेलवे स्टेशन के गौरवशाली इतिहास और 142 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 12 अक्टूबर को स्टेशन परिसर में स्टेशन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत, विकास यात्रा और भारतीय रेलवे की उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को सम्मानित कर रेलवे के प्रति उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ?वंदे मातरम? के सामूहिक गायन से हुआ। हेरिटेज फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन डीयूआरसीसी सदस्य हुकुम सिंह कुंवर और महापौर के प्रतिनिधि नीरज बिष्ट ने फीता काटकर किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर काठगोदाम स्टेशन के ऐतिहासिक सफर और विकास से जुड़ी तस्वीरों को देखा। इसके बाद केक काटकर स्टेशन महोत्सव की खुशियां साझा की गईं।

समारोह में स्टेशन प्रबंधक अर्जुन लाल टम्टा, कैलाश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रहलाद सिंह मर्तोलिया, तकनीशियन हरि नंदन त्रिपाठी और वाणिज्य अधीक्षक गणेश दत्त पांडे को रेलवे की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

पूर्वोत्तर रेलवे स्काउट एवं गाइड जिला संघ, इज्जतनगर के सदस्यों ने यात्री जागरूकता और स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। वहीं, नृत्य और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बनाया।

डीयूआरसीसी सदस्य हुकुम सिंह कुंवर ने कहा कि स्टेशन महोत्सव के माध्यम से काठगोदाम स्टेशन की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत और विकास यात्रा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया गया है। मंडल वाणिज्य प्रबंधक जगदीप ने स्टेशन के ऐतिहासिक महत्व और क्षेत्र में रेल परिवहन के विकास की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि काठगोदाम स्टेशन कुमाऊं क्षेत्र के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण पहचान रखता है। यहां 24 अप्रैल 1884 को लखनऊ से पहली ट्रेन पहुंची थी। शुरुआत में इस रेलखंड पर मीटर गेज सेवा संचालित होती थी, जिसे यातायात की बढ़ती जरूरतों और क्षेत्र के विकास को देखते हुए 4 मई 1994 को ब्रॉड गेज में परिवर्तित किया गया। इसके बाद देश के प्रमुख शहरों से काठगोदाम का रेल संपर्क और मजबूत हुआ।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ?जन-गण-मन? के सामूहिक गायन के साथ हुआ। जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन श्रीमती दिविता अग्निहोत्री ने किया। इस अवसर पर स्टेशन प्रबंधक डीएस बोरा, स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव हरिशंकर सागर सहित रेल अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय महिलाएं और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे।