एनएफआर और सेना के बीच नारंगी छावनी में नया रेल समझौता

एनएफआर और भारतीय सेना के बीच नया समझौता, नारंगी छावनी में रेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

सेना की परिवहन व्यवस्था होगी अधिक मजबूत, वाहनों और सैन्य उपकरणों की आवाजाही में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेंगे रेलवे और सेना

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे और भारतीय सेना के बीच रेल परिवहन सुविधाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। दोनों संगठनों ने 26 नवंबर 2026 को गुवाहाटी स्थित नारंगी छावनी में अतिरिक्त रेल सुविधा के संचालन, रखरखाव और उपयोग को लेकर नए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते का उद्देश्य नारंगी छावनी में उपलब्ध रेल सुविधा के बेहतर उपयोग के साथ सेना की परिवहन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना है। इससे रेलवे और भारतीय सेना के बीच निरंतर समन्वय बना रहेगा तथा सैन्य वाहनों, उपकरणों और आवश्यक सामग्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। यह व्यवस्था सेना की आपूर्ति श्रृंखला को अधिक विश्वसनीय बनाने और परिचालन तैयारियों को मजबूत करने में भी सहायक होगी।

समझौते पर हस्ताक्षर समारोह में रेलवे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एनएफआर के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक ने किया। वहीं भारतीय सेना की ओर से मेजर जनरल डी.के.आर. गौतम, कर्नल आकाश खजांची, कर्नल के.जी. सिंह, कर्नल पी. बोरा, लेफ्टिनेंट कर्नल दिवाकर परमार और कर्नल संजीव ठाकुर उपस्थित रहे।

एनएफआर के लामडिंग मंडल के अंतर्गत न्यू गुवाहाटी रेलवे स्टेशन से जुड़ी नारंगी मिलिट्री साइडिंग की शुरुआत 15 अक्टूबर 1999 को की गई थी। इसका उद्देश्य रक्षा अधिकारियों की रेल परिवहन संबंधी जरूरतों को पूरा करना था। अब नए एमओयू के माध्यम से इस सुविधा के संचालन, रखरखाव और उपयोग की शर्तों को निर्धारित करते हुए दोनों संगठनों के बीच तालमेल को और मजबूत किया गया है।

एनएफआर विशेष रेल सुविधा के माध्यम से भारतीय सेना को सैन्य वाहनों, उपकरणों और जरूरी सामग्रियों के सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन में सहयोग प्रदान कर रहा है। यह समझौता रेलवे और सेना के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को नई मजबूती देने के साथ देश की रक्षा तैयारियों में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कपिंजल किशोर शर्मा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एनएफआर