पूरनपुर- खुटार नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने ली दो दोस्तों की जान, परिवारों में मचा कोहराम

पीलीभीत। पूरनपुर- खुटार नेशनल हाईवे पर मोहनापुर गांव के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। गोल्डन फ्लावर स्कूल के पास हुए भीषण हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांव पड़रिया निवासी आलोक उर्फ गोलू (20) पुत्र किशनलाल अपने मित्र अर्जुन (25) पुत्र रामस्वरूप निवासी गांव राजपुर सिमरा, थाना माधोटांडा के साथ गुरुवार रात करीब नौ बजे बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गोल्डन फ्लावर स्कूल के पास पूरनपुर खुटार नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों युवकों को लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा देखा। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपनों के शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि अर्जुन 5 नवंबर को ही दुबई से काम करके घर लौटा था। घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों की खुशियां मातम में बदल गईं।

सूचना पर कोतवाल पवन पांडेय और क्राइम इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।