संविधान दिवस पर संविधान की रक्षा का संकल्प, आप के स्थापना दिवस पर बच्चों को बांटे स्वेटर

पीलीभीत। संविधान दिवस एवं आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय (आसाम रोड नया बाईपास के निकट) पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि 26 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी की स्थापना संविधान की शपथ लेकर आम आदमी के अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुई थी। स्थापना के बाद से ही पार्टी जनमानस के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि कम समय में पार्टी ने दिल्ली में तीन बार सरकार बनाई और पंजाब में पूर्ण बहुमत की सरकार स्थापित की। इसके अलावा कई अन्य राज्यों में भी पार्टी के विधायक, चेयरमैन, पार्षद, मेयर, जिला पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य हैं। पार्टी ने कम समय में राष्ट्रीय पार्टी के रूप में मान्यता प्राप्त की है।

जिला महासचिव एडवोकेट संजय कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान करता है। संविधान की रक्षा करना और उसके मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी की विचारधारा, संघर्ष और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान रजत मिश्रा, श्रेयांस पांडेय और राघव गिहार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य आम आदमी को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराने की लड़ाई को मजबूती देना है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में संविधान की गरिमा बनाए रखने और लोकतंत्र को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के अंत में कई बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए।

इस अवसर पर रजत मिश्रा, श्रेयांस पांडेय, राघव गिहार, जगदीश मिश्रा, सोनू गंगवार, राजदीप लोधी, हरमन सिंह, सुनीता देवी, रामगुनी, हर्षा, सुमन, गंगा देवी, लज्जा देवी, सूरजवती, गुरमीत सहित कई पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।