हरदोई में गाड़ी हटाने के विवाद में दो पक्ष भिड़े, हॉकी और राइफल लेकर आमने-सामने आए, असलहा के खींचतान का वीडियो वायरल होने से हड़कंप

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के लोग हॉकी लेकर पहुंच गए, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से राइफल निकाल ली गई। दोनों पक्षों के बीच राइफल छीनने को लेकर भी खींचतान होती दिखाई दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि करीब छह लोगों ने एक पक्ष की गाड़ी रोककर हमला कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने जवाब में राइफल निकाल ली। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ते और राइफल को लेकर खींचतान करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना को लेकर यह भी चर्चा है कि दोनों पक्ष स्थानीय मंत्री के करीबी बताए जा रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम मारपीट और हथियारों का प्रदर्शन कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। अब देखना यह है कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।