कलीनगर में अस्पताल बनवाने का आग्रह, केंद्रीय राज्यमंत्री ने दिया आश्वासन

कलीनगर (पीलीभीत)। नगर पंचायत कलीनगर के ठाकुरद्वारा मंदिर प्रांगण में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद जितिन प्रसाद का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अपूर्व सिंह के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। जनसंवाद कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने नगर एवं क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान नगर एवं क्षेत्रवासियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कलीनगर में अस्पताल बनवाने का आग्रह किया गया। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने अस्पताल बनवाने का आश्वासन दिया। अस्पताल निर्माण की मांग पूरी होने की उम्मीद से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

कार्यक्रम में नगर एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।