भोपाल में मालवा उत्सव का आगाज

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे मालवा महोत्सव का शुभारंभ

रविन्द्र भवन में 23 नवंबर से सजेगा मालवा की संस्कृति, कला, साहित्य और परंपराओं का रंगारंग उत्सव

भोपाल। मालवा की गौरवशाली विरासत, समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत, खानपान और परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय ?मालवा महोत्सव?2026? (यो अपनो मालवो) का शुभारंभ सोमवार, 23 नवंबर को भोपाल के रविन्द्र भवन में होगा। महोत्सव का शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 5 बजे करेंगे।

मालवा विकास उत्सव समिति, भोपाल द्वारा आयोजित इस महोत्सव में मालवा की सांस्कृतिक विरासत और लोकजीवन के विविध रंग देखने को मिलेंगे। आयोजन का उद्देश्य मालवी बोली, लोककला, लोकसंगीत, पारंपरिक खानपान, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाना है।

महोत्सव के उद्घाटन समारोह में महर्षि शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष ब्रह्मचारी डॉ. गिरीशजी, वीर भारत न्यास के ट्रस्टी सचिव श्री राम तिवारी, साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दुबे तथा संस्था विशाला, उज्जैन के अध्यक्ष श्री राजेश सिंह कुशवाह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का रोचक संचालन स्वामी मुस्कुराके करेंगे। समारोह में मालवा की लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की विशिष्ट पहचान को प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव में मालवा के पारंपरिक व्यंजनों और हस्तशिल्प के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

मालवा विकास उत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी ने बताया कि मालवा केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि अपनी विशिष्ट सभ्यता, संस्कृति, भाषा और आत्मीयता के कारण देश में अलग पहचान रखता है। इस महोत्सव के माध्यम से मालवा की गौरवशाली परंपराओं को राजधानी भोपाल के मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।

समिति की महासचिव रोमा मल्होत्रा ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में मालवा के सांस्कृतिक वैभव, पारंपरिक खानपान, कला और लोकजीवन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि ?यो अपनो मालवो? की थीम पर आयोजित यह महोत्सव 23, 24 और 25 नवंबर तक रविन्द्र भवन, भोपाल में चलेगा।