Chandauli News:मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सांसद छोटेलाल खरवार ने दी श्रद्धांजलि, अस्पताल में मरीजों को बांटे फल सपा नेताओं ने नेताजी के संघर्ष, विचारों और जनसेवा को किया याद, उनके बताए रास्ते पर चलने

 

चकिया। भारत के पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को चकिया नगर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद छोटेलाल खरवार के नेतृत्व में नगर स्थित एक लान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें समाजवादी पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके राजनीतिक संघर्ष, समाजवादी विचारधारा और जनहित में किए गए कार्यों को याद किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। उनके विचार और संघर्ष हमेशा समाजवादी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देते रहेंगे।

चकिया के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट ने कहा कि नेताजी ने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया और हमेशा गरीबों, नौजवानों तथा किसानों की आवाज बुलंद की। उनका सादगीपूर्ण जीवन और संघर्षशील व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

विधानसभा महासचिव मुस्ताक अहमद खान ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी आंदोलन को नई पहचान और मजबूती प्रदान की। उनके विचारों को आत्मसात कर समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय की भावना को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जयंती समारोह के उपरांत सांसद छोटेलाल खरवार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चकिया स्थित अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उनके बीच फल वितरित कर स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम भी पूछी।

इस मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रधान बब्बन यादव, नौगढ़ की प्रधान नीलम ओहरी, त्रिलोकी पासवान, सीपी खरवार, टोनी खरवार, गीता यादव, रमेश यादव, तनवीर खान, शमशेर, अरशद सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।