हरथला में खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, 15 खाद्य पदार्थों की जांच में सभी नमूने मिले मानकों के अनुरूप

मुरादाबाद। आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से शुक्रवार को हरथला क्षेत्र में विशेष जागरूकता, प्रशिक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया। एफएसडब्ल्यू (फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स) मोबाइल वाहन के माध्यम से चलाए गए इस अभियान में 15 खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच में कोई भी नमूना मानकों के विपरीत नहीं पाया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. यादव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 32 खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान एक जागरूकता कार्यक्रम और एक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

अभियान में खाद्य कारोबारियों को केवल एफएसएसएआई लाइसेंस प्राप्त खाद्य सामग्री का उपयोग करने और खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल से बचने की हिदायत दी गई। साथ ही खाद्य पदार्थ बनाने वाले स्थानों पर साफ-सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत शेड्यूल-4 के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

विभागीय अधिकारियों ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थ तैयार करते समय हेड कैप, फेस मास्क, एप्रन और दस्ताने पहनने, कच्चे एवं तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने के लिए भी जागरूक किया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता, प्रशिक्षण और जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।