हरदोई में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर घायल

हरदोई। पाली-शाहाबाद मार्ग पर दनियापुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, हादसा पाली थाना क्षेत्र के दनियापुर मोड़ के पास हुआ। दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान पाली थाना क्षेत्र के गुजीदेई गांव निवासी सुधीर (23) और सिंगुलापुर निवासी सौरभ (23) के रूप में हुई है।
हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, चौथे व्यक्ति का घटनास्थल पर पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने आसपास काफी खोजबीन की तो वह सड़क किनारे झाड़ियों में बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे भी तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायलों को शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे में दो युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल है।