अंतरराष्ट्रीय क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे की पुरुष टीम ने जीता स्वर्ण पदक

अंतरराष्ट्रीय क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे की पुरुष टीम ने जीता स्वर्ण पदक

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के हरीश और प्रिंस राज यादव ने टीम की जीत में निभाई अहम भूमिका

बिलासपुर। चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में 13 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित 18वीं यूएसआईसी क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे की पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और भारतीय रेलवे का नाम रोशन किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे की टीम ने विभिन्न देशों की रेलवे टीमों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।

इस प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के दो कर्मचारियों हरीश और प्रिंस राज यादव ने भारतीय रेलवे की पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व किया। दोनों खिलाड़ी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में वाणिज्यिक सह टिकट क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। दोनों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल और प्रदर्शन से टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारतीय रेलवे की इस उपलब्धि पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और खेल संघ के पदाधिकारियों ने पूरी पुरुष टीम सहित दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय रेलवे और देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।