अजमेर लोको कारखाने में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर स्थित लोको कारखाने में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आदिवासी समाज के जननायक 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कारखाना परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कारखाना प्रबंधक हेमंत कुमार सहित रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, देश की आजादी में योगदान और जल, जंगल व जमीन की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक आंदोलनों को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, साहस और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित रेलकर्मियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज एवं देश की सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कारखाने के बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।