पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की माल ढुलाई में 27.7% की बढ़ोतरी, अक्टूबर में 10.64 लाख टन माल का लदान

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने अक्टूबर 2026 में माल ढुलाई के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए 27.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। इस दौरान रेलवे ने 10.64 लाख टन माल का लदान किया, जबकि अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 8.33 लाख टन था। वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक कुल माल लदान 72.90 लाख टन पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 14.1 प्रतिशत अधिक है।

अक्टूबर महीने में कोयले की लोडिंग में 160 प्रतिशत, डोलोमाइट में 61.3 प्रतिशत और खाद्यान्न लदान में 350 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा फल, सब्जियां और लकड़ी सहित विविध वस्तुओं के परिवहन में 221.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। उर्वरक और सीमेंट की ढुलाई में भी क्रमशः 120 और 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

अप्रैल से अक्टूबर की अवधि में सीमेंट लदान में 148.1 प्रतिशत और डोलोमाइट में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, माल ढुलाई के नेट टन-किलोमीटर में भी अक्टूबर के दौरान 47.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह आंकड़ा 511 मिलियन से बढ़कर लगभग 754 मिलियन तक पहुंच गया।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि रेलवे विश्वसनीय माल ढुलाई सेवाएं उपलब्ध कराने पर लगातार ध्यान दे रहा है। खाद्यान्न, कृषि उपज और औद्योगिक सामग्री के परिवहन से किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को व्यापक बाजारों तक पहुंचने में मदद मिल रही है। इससे क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।