15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होगा टैबलेट वितरण कार्यक्रम, हरदोई से छात्र-छात्राएं करेंगे प्रतिभाग, डीएम ने बैठक कर दिए बसों की व्यवस्था के निर्देश

हरदोई। मुख्यमंत्री द्वारा 15 नवंबर 2026 को लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजनांतर्गत प्रस्तावित टैबलेट वितरण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने गुरुवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम में हरदोई से प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जनपद स्तर पर नोडल और सह नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। संबंधित विभागों और शैक्षिक संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने डिजीशक्ति पोर्टल के माध्यम से चयनित पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर टैबलेट वितरण की समुचित व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि लखनऊ जाने वाले छात्र-छात्राओं के आवागमन के लिए आवश्यकता के अनुसार बसों की व्यवस्था की जाए। प्रत्येक बस में नोडल अधिकारी तैनात करने के साथ ही विद्यार्थियों की सहायता के लिए सरकारी कर्मचारियों को भी भेजा जाए। सभी छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचाने और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सुरक्षित वापस लाने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
डीएम ने विद्यार्थियों और उनके साथ जाने वाले अधिकारियों के लिए जलपान सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लाभार्थी की टैबलेट प्राप्त करते समय फोटो सुरक्षित रखी जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिजीशक्ति मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए। अधिक संख्या होने पर समूह फोटो भी सुरक्षित रखी जाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।