चौरीचौरा एक्सप्रेस हादसे में सभी यात्री सुरक्षित, 33 यात्रियों के घायल होने की खबर को रेलवे ने बताया भ्रामक

कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर 11 नवंबर को चौरीचौरा एक्सप्रेस के 4 एसी कोच पटरी से उतरने के मामले में उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। रेलवे के अनुसार, इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

रेलवे प्रशासन ने मीडिया में 33 यात्रियों के घायल होने संबंधी प्रकाशित खबरों को तथ्यहीन और भ्रामक बताया है। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने स्पष्ट किया कि घटना के बाद से ही आधिकारिक माध्यमों और सामाजिक माध्यमों के जरिए लगातार सही जानकारी साझा की जा रही थी।

घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय ने 4 सदस्यीय उच्च स्तरीय बहु विभागीय जांच समिति गठित की है। इसमें संरक्षा, यांत्रिक, विद्युत परिचालन और सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी शामिल हैं। समिति मामले की जांच कर रही है।

वहीं, हादसे के बाद प्रभावित 4 एसी कोचों के यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेन की व्यवस्था की। यात्रियों को बिस्तर, नाश्ता, भोजन के पैकेट और पेयजल भी उपलब्ध कराया गया।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही मीडिया से अपील की कि घटना से जुड़ी खबरों का प्रसारण आधिकारिक तथ्यों की पुष्टि के बाद ही करें, ताकि आम जनता के बीच किसी प्रकार का भ्रम न फैले।