अमृतसर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय यात्री घायल, हेल्प डेस्क टीम ने तुरंत दी चिकित्सा सहायता

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय यात्री घायल, हेल्प डेस्क टीम ने तुरंत दी चिकित्सा सहायता

फिरोजपुर मंडल की बहुविभागीय टीम ने दिखाई तत्परता, यात्री ने रेलवे कर्मचारियों का जताया आभार

अमृतसर। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय एक यात्री के हाथ में चोट लग गई। मौके पर मौजूद हेल्प डेस्क पर तैनात बहुविभागीय टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को यात्री मंजय कुमार ट्रेन संख्या 14618 अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट जनसेवा एक्सप्रेस से अमृतसर से सहरसा की यात्रा करने जा रहे थे। ट्रेन में चढ़ते समय उनके हाथ में चोट लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही हेल्प डेस्क पर तैनात टीम ने तुरंत उनकी मदद की।

इस टीम में चिकित्सा विभाग के ओटीए दीपक सिंह, वाणिज्य विभाग के टिकट चेकिंग कर्मचारी, स्काउट एवं गाइड तथा रेलवे सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे। सभी ने मिलकर यात्री को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई, जिससे उन्हें राहत मिली।

रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और मानवीय सेवा भावना से प्रभावित यात्री ने उनकी सराहना करते हुए भारतीय रेल के प्रति आभार व्यक्त किया। फिरोजपुर मंडल रेल प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।