मिर्जापुर–झिंगुरा रेलखंड पर मिट्टी धंसने से रेल परिचालन प्रभावित, 20 ट्रेनों के बदले मार्ग, एक ट्रेन निरस्त

प्रयागराज। मिर्जापुर?झिंगुरा रेलखंड के बीच तीसरी रेल लाइन और ट्रैक सबसाइड से जुड़े निर्माण कार्य के दौरान सोमवार शाम करीब 18:20 बजे मिट्टी धंसने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए और डाउन लाइन पर रेल परिचालन बंद कर दिया गया। वहीं, अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के संबंधित विभागों की तकनीकी टीमें मौके पर पहुंच गईं। टीमें मिट्टी धंसने के कारणों और स्थिति का आकलन करते हुए सुधारात्मक कार्य में जुटी हैं। रेलवे प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है, ताकि सुरक्षित रेल परिचालन जल्द बहाल किया जा सके।

20 ट्रेनों के मार्ग में किया गया बदलाव

मिट्टी धंसने की घटना के चलते रेल परिचालन प्रभावित होने पर रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए हैं। इनमें गाड़ी संख्या 12274, 12398, 12368 और 12947 को प्रयागराज जंक्शन?प्रयागराज रामबाग?बनारस?वाराणसी जंक्शन?पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते चलाया जाएगा।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 26505, 12167 और 22971 का मार्ग भी परिवर्तित किया गया है। वहीं, रेलवे के नवीनतम परिचालन बुलेटिन के अनुसार 13 अन्य ट्रेनों को कानपुर सेंट्रल?लखनऊ?पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन मार्ग से संचालित करने की स्वीकृति दी गई है। इनमें गाड़ी संख्या 12878, 09427, 04478, 04078, 09725, 04088, 12436, 12394, 03436, 04404, 22362, 04052 और 12260 शामिल हैं।

सूबेदारगंज?डीडीयू ट्रेन निरस्त

घटना के चलते गाड़ी संख्या 63238 सूबेदारगंज?पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन को निरस्त कर दिया गया है। यह ट्रेन फिलहाल प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर खड़ी है।

रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल और नियंत्रण कक्षों के माध्यम से ट्रेनों की लगातार निगरानी की जा रही है। यात्रियों को स्टेशनों पर उद्घोषणा, सूचना पट्टों और पूछताछ काउंटरों के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति और परिवर्तित मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।