छठ पूजा पर रेलवे की सौगात, चंडीगढ़-बरौनी के बीच आरक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन

अम्बाला। छठ पूजा और अन्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़-बरौनी-चंडीगढ़ के बीच आरक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन ऑन डिमांड के तहत चलाई जा रही इस विशेष ट्रेन से बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होगा।

अम्बाला मंडल रेल प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04538 चंडीगढ़-बरौनी आरक्षित स्पेशल ट्रेन 10 नवंबर 2026 को रात 22:00 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन अम्बाला छावनी, यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और छपरा होते हुए तीसरे दिन सुबह 03:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04537 बरौनी-चंडीगढ़ आरक्षित स्पेशल ट्रेन 12 नवंबर को सुबह 06:30 बजे बरौनी से रवाना होगी। यह ट्रेन छपरा, वाराणसी, लखनऊ, मुरादाबाद, सहारनपुर, यमुनानगर और अम्बाला छावनी होते हुए अगले दिन दोपहर 13:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि छठ पूजा और त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिले।

यात्रियों से सुरक्षा की अपील

अम्बाला मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय जल्दबाजी न करें। धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी से बचें तथा अपनी और दूसरे यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखें। रेलवे ने सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के लिए यात्रियों से प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया है।