छठ पर्व पर रेलवे की बड़ी तैयारी, फिरोजपुर मंडल चला रहा 15 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

छठ पर्व पर रेलवे की बड़ी तैयारी, फिरोजपुर मंडल चला रहा 15 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

अमृतसर, लुधियाना से बिहार और कोलकाता के लिए विशेष रेलगाड़ियों का संचालन, सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी

फिरोजपुर। छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने रेलयात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। नियमित निर्धारित ट्रेनों के अलावा मंडल की ओर से 15 जोड़ी त्योहार स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के साथ ही त्योहार के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना है।

रेलवे के अनुसार, 9 नवंबर को 4 त्योहार स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन किया गया। इनमें अमृतसर-छपरा, छेहरटा-मुजफ्फरपुर, लुधियाना-सहरसा और लुधियाना-पूर्णिया स्पेशल ट्रेनें शामिल रहीं।

वहीं, 10 नवंबर को 3 विशेष रेलगाड़ियां संचालित की जा रही हैं। इनमें लुधियाना-सहरसा, लुधियाना-दरभंगा और फिरोजपुर कैंट-पटना त्योहार स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।

11 नवंबर को 4 विशेष ट्रेनें चलेंगी

यात्रियों की सुविधा के लिए 11 नवंबर को भी 4 त्योहार स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन किया जाएगा। इनमें ट्रेन संख्या 04662 लुधियाना-दरभंगा सुबह 06:30 बजे, ट्रेन संख्या 04652 अमृतसर-जयनगर सुबह 10:55 बजे, ट्रेन संख्या 04656 लुधियाना-सहरसा शाम 17:35 बजे और ट्रेन संख्या 04624 अमृतसर-कोलकाता रात 20:10 बजे रवाना होगी।

सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी, अधिकारियों की विशेष नजर

यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर फिरोजपुर मंडल कार्यालय स्थित वार रूम से अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना और ढंढारी कलां रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का लगातार जायजा ले रहे हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। साथ ही यात्रा के दौरान ज्वलनशील पदार्थ और भारी सामान नहीं ले जाने तथा डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।