महिला को पशुओं के झुंड ने घेरकर किया घायल, पैर में आया गंभीर घाव; बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

पीलीभीत। तहसील कलीनगर क्षेत्र के ग्राम मल्लपुर खजुरिया में आवारा पशुओं का आतंक ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा पशुओं के झुंड आए दिन लोगों पर हमला कर रहे हैं। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी कलीनगर को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, बीते 5 नवंबर 2026 को दोपहर के समय गांव मल्लपुर निवासी गीता देवी पत्नी नेमचंद पर आवारा पशुओं के झुंड ने हमला कर दिया। आवारा पशुओं ने उन्हें घेरकर बुरी तरह घायल कर दिया। इस दौरान पशु के सींग एवं पैरों से गीता देवी के पैर में गहरा घाव हो गया। स्थिति गंभीर होने पर घाव में टांके लगवाने पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी पशुओं के हमलों में गांव के अन्य लोग घायल हो चुके हैं। इससे पहले भी इन आवारा पशुओं द्वारा गांव की ही जमुना देवी पत्नी हुलासीराम व गांव के अन्य लोगों पर भी जानलेवा हमला कर चुके हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां छोटे बच्चे पढ़ने के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में आवारा पशुओं की मौजूदगी से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुओं के हमलों की शिकायत पहले भी ग्राम प्रधान सहित संबंधित लोगों से की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से आवारा पशुओं को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर भिजवाने तथा गांव में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।
ज्ञापन देने वालों में विपिन कुमार, अनिल कुमार, अशोक कुमार, सूरजपाल, कुलदीप, हरिश्चंद्र, अरुण कुमार, बंटी, जितेंद्र, गंगाराम, राजाराम, राजीव कुमार, राजदीप पाल और अन्य ग्रामवासी मौजूद रहे।