राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में मध्य रेल की कीर्ति रंगस्वामी का जलवा, 4 स्वर्ण पदक जीतकर बनीं सर्वश्रेष्ठ महिला साइकिल चालक

राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में मध्य रेल की कीर्ति रंगस्वामी का जलवा, 4 स्वर्ण पदक जीतकर बनीं सर्वश्रेष्ठ महिला साइकिल चालक

मध्य रेल की कर्मचारी कीर्ति रंगस्वामी ने झारखंड के रांची में आयोजित 78वीं सीनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर रेलवे का नाम रोशन किया है। पुणे मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत कीर्ति रंगस्वामी ने प्रतियोगिता में 4 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ महिला साइकिल चालक के प्रतिष्ठित पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसमें कीर्ति रंगस्वामी ने अपनी गति, सहनशक्ति और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 किलोमीटर स्प्रिंट, 1 किलोमीटर टीम स्प्रिंट, 1 किलोमीटर टाइम ट्रायल और कीइरिन स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किए।

इस उपलब्धि के साथ उन्होंने दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए। 1 किलोमीटर व्यक्तिगत टाइम ट्रायल में 1 मिनट 13.807 सेकंड और टीम स्प्रिंट में 1 मिनट 09.966 सेकंड का समय दर्ज कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

चार स्वर्ण पदक और दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ सर्वश्रेष्ठ महिला साइकिल चालक का खिताब जीतना उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से मध्य रेल के कर्मचारियों में भी उत्साह है।

मध्य रेल ने कीर्ति रंगस्वामी को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि साबित करती है कि रेलवे के कर्मचारी अपने नियमित कार्यों के साथ-साथ खेल के राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।