त्योहारों पर जयपुर स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था, बनाया गया होल्डिंग एरिया

त्योहारों पर जयपुर स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण की विशेष व्यवस्था, बनाया गया होल्डिंग एरिया

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने किया निरीक्षण, यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

जयपुर। दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों पर रेलवे स्टेशनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने जयपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष भीड़ प्रबंधन योजना लागू की है। इसके तहत स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया जाएगा। इससे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

बुधवार को उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने जयपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान के तहत की गई तैयारियों को देखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने टिकट उपलब्धता, यात्रियों के प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, साइनेज और स्टेशन परिसर में उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्टेशन पर आवागमन व्यवस्थित बना रहे।

इस दौरान उन्होंने जयपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित कर्मचारियों को सतर्क रहने, सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के लिए अलर्ट रहने को कहा।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) विवेक सक्सेना, प्रमुख मुख्य इंजीनियर जेएस लाकरा सहित मुख्यालय एवं जयपुर मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।