दीपावली पर आतिशबाजी निर्माण स्थलों की सुरक्षा जांच में जुटा अग्निशमन विभाग

दीपावली से पहले आतिशबाजी निर्माण स्थलों पर अग्निशमन विभाग का सुरक्षा अभियान, काठ तहसील में किया निरीक्षण

डीएम अनुनय झा के आदेश पर सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और एफएसओ ज्ञान प्रकाश शर्मा ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

मुरादाबाद। दीपावली पर्व को सुरक्षित बनाने और आतिशबाजी निर्माण स्थलों पर संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग सतर्क है। जिलाधिकारी अनुनय झा के आदेश पर तहसील काठ क्षेत्र में आतिशबाजी निर्माण स्थल का सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया।

इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आतिशबाजी निर्माण स्थल पर अग्नि सुरक्षा के इंतजामों और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने संबंधित लोगों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने और किसी भी लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।

अग्निशमन विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन के निर्देश पर विभाग की टीमें लगातार सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं।