मिशन 2027: रवि चौधरी ने चार गांवों में किया जनसंपर्क, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

मुरादाबाद। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुरादाबाद देहात विधानसभा क्षेत्र के जिलाध्यक्ष एवं मंत्री प्रतिनिधि तथा 27 विधानसभा प्रभारी रवि चौधरी ने मिशन 2027 के तहत जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने लालूवाला, बरखेड़ा का मंझरा, रतनपुरा और डूंगरपुर गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली, जल निकासी, पेयजल, बिजली, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत समस्याओं से रवि चौधरी को अवगत कराया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों और विभागों के समक्ष उठाकर उनका निस्तारण कराया जाएगा।

रवि चौधरी ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल पद और प्रतिष्ठा हासिल करना नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराना है। गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करने पर वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है। उनका प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या को लेकर उपेक्षित महसूस न करे।

उन्होंने कहा कि मुरादाबाद देहात विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मिशन 2027 के तहत गांव-गांव जनसंपर्क, जनसंवाद और जन चौपाल के माध्यम से लोगों से जुड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।