हरदोई में पीईटी परीक्षा केंद्रों पर डीएम-एसपी का निरीक्षण, सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था परखी, अधीनस्थों को भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी करने के निर्देश

हरदोई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान शहर के चार परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई, वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय और आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संचालन की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों के संचालन और निगरानी व्यवस्था की गहनता से जांच की गई। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं को भी परखा।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग तथा शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुचारु रखी जाएं।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।