हरदोई में दिवाली से पहले खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 1.74 लाख की 17.5 कुंतल संदिग्ध सोनपापड़ी सीज, संचालक मौके से फरार, मिलावटखोरों पर कार्रवाई की चेतावनी

हरदोई। दीपावली के त्योहार पर मिलावटखोरी रोकने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को बिलग्राम रोड स्थित शंकर बक्शी पुरवा में एक प्रतिष्ठान पर छापा मारकर 17.5 कुंतल संदिग्ध सोनपापड़ी सीज की गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख 74 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कुमार गुंजन ने बताया कि जिलाधिकारी और आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत शंकर बक्शी पुरवा, बिलग्राम रोड स्थित संदीप गुप्ता के प्रतिष्ठान पर टीम ने औचक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध सोनपापड़ी बरामद हुई। टीम ने मौके से कुल 17.5 कुंतल सोनपापड़ी सीज कर दी। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए तीन नमूने संग्रहित किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिष्ठान में भारी मात्रा में सिंथेटिक रंग और अन्य संदिग्ध पदार्थ भी मिले हैं। प्रतिष्ठान संचालक संदीप गुप्ता कार्रवाई के दौरान मौके से फरार बताया गया।
खाद्य विभाग की ओर से प्रतिष्ठान के लाइसेंस को निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा रही है। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त कुमार गुंजन ने बताया कि दीपावली तक अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।