हरदोई में पत्नी की हत्या के बाद पति ने फांसी लगाकर दी जान, घर में खून से लथपथ मिला शव, पारिवारिक विवाद के बाद खौफ़नाक कदम उठाने की आशंका

हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के कछिलिया पुरवा गांव में शनिवार शाम घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने पत्नी की चाकू से वारकर हत्या कर दी। इसके कुछ समय बाद पति ने भी घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान लालपूत राठौर पुत्र छुट्टा और उसकी पत्नी जनुका के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान लालपूत ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पति ने घर के एक कमरे में फांसी लगा ली।
घटनास्थल पर पत्नी के शव के पास खून से सना चाकू और ईंट भी मिली है। महिला की बाईं आंख पर चोट के अलावा सिर और पेट पर भी चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटना के समय घर में परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।