उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, महाप्रबंधक ने दिलाई एकता की शपथ

प्रयागराज। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 08:00 बजे सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुई। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ आंतरिक सुरक्षा में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

इसके बाद महाप्रबंधक ने रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों, उत्तर मध्य रेलवे खेलकूद संघ के सदस्यों तथा मुख्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करने के साथ ही लोगों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।