नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को रेल संरक्षा के प्रति किया जागरूक, रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतने की अपील

बरेली। रेल हादसों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से शुक्रवार को ग्रामसभा पीपलसाना चौधरी, भोजीपुरा में रेल संरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रिकिता के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक और जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान लोगों से अनाधिकृत स्थानों से रेलवे ट्रैक पार न करने, केवल निर्धारित समपार फाटकों का उपयोग करने और फाटक बंद होने पर गेटमैन पर दबाव न बनाने की अपील की गई। साथ ही रेलवे ट्रैक के पास पशु न चराने, हेडफोन लगाकर ट्रैक पार न करने और रेलवे लाइन के पास पतंग न उड़ाने की जानकारी दी गई।

इस दौरान संरक्षा संदेशों वाले पोस्टर और पर्चे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में मंडल संरक्षा अधिकारी राकेश कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल और भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने सहभागिता की। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से संरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।